बारिश के दौरान अत्यधिक जलभराव के कारण आईडीसी और सेक्टर-34 में बंद करने पड़ जाते हैं उद्योग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बारिश के दौरान जलभराव की वजह से शहर के उद्यमी बहुत परेशान हैं। औद्योगिक विकास कॉलोनी, नेशनल हाईवे के सर्विस लेन, नरसिंहपुर के साथ सेक्टर-34, 35 की औद्योगिक इकाइयों में जलभराव की वजह से हालात ज्यादा खराब हो जाते हैं।
ज्यादा बारिश के दौरान जलभराव के कारण इस क्षेत्र में बड़े शोरूम, सर्विस सेंटर और कई औद्योगिक इकाइयों के बंद करने तक की नौबत आ जाती है। गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन कार्यालय में उद्यमियों के साथ संवाद में उद्यमियों ने जिला प्रशासन से नरसिंहपुर के पास नेशनल हाईवे के सर्विस लेन और आईडीसी इलाके में जलभराव से मुक्ति दिलाने के स्थायी प्रबंध की मांग की है।
आईडीसी के अध्यक्ष जेएन मंगला ने कहा कि यह उद्योगों के विकास की दिशा में बहुत बड़ी बाधा है। सेक्टर-34 के उद्यमियों ने कहा कि बारिश के बाद कई दिनों तक सर्विस लेन पर काफी पानी जमा रहता है, छोटे और दोपहिया वाहन यहां से नहीं गुजर पाते हैं। इस दौरान जेएन मंगला, सुमित राव, मुकुल गुप्ता, तरुण खन्ना, हरमीत सिंह, देशबंधु, बीके मेठी व कमल मेहता आदि ने भी अपने सुझाव रखे।
-
नरसिंहपुर गांव के साथ सर्विस लेन पर बारिश का पानी जमा होने से हाईवे के साथ लगी फैक्टरियों में आवाजाही बंद हो जाती है। सर्विस लेन पर जलभराव से छोटी गाड़ियां और दोपहिया वाहन सवार को बड़ी दिक्कत होती है। - मुकुल गुप्ता, उद्यमी सेक्टर 34
आईडीसी गुरुग्राम का सबसे पहला नियमित औद्योगिक क्षेत्र है। यहां 250 के करीब औद्योगिक इकाइयां हैं। हर बारिश में यह इलाका पूरी तरह जलमग्न हो जाता है। ज्यादा बारिश हुई तो फैक्टरियों में पानी घुस जाता है। - तरुण खन्ना,आईडीसी
बरसात वाले दिन आईडीसी की सड़कों पर जलभराव इस हद तक हो जाता है कि आवागमन के साथ फैक्टरियों मेंभी पानी भर जाता है। साथ ही साथ बारिश के समय सीवर भी ओवरफ्लो होने लगता है। - हरमीत सिंह, आईडीसी
जलभराव के कारण बारिश से हमें बहुत डर लगता है। सारे काम रुक जाते हैं। कर्मियों को फैक्टरी तक पहुंचने में दिक्कत आती है। - देशबंधु ,सेक्टर 35 नरसिंहपुर