टैक्सी हाईवे-सर्विस लेन के नाले में फंसी, टैक्सी चालक समेत तीन घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में पॉलिटेक्निक कालेज के पास बृहस्पतिवार रात को एक तेज रफ्तार ट्राॅले ने टैक्सी को टक्कर मार दी। ट्राॅले से बचने के लिए चालक ने गाड़ी को थोड़ा किनारे भी किया लेकिन ट्राॅले से बच नहीं सका। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैक्सी हाईवे-सर्विस लेन के बीच में बने नाले में जाकर फंस गई। लोगों की सहायता से गाड़ी में सवार चारों लोगों को निकाला गया और अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया ,जहां पर चिकित्सक ने एक इंजीनियर को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कुरुक्षेत्र के बारना गांव निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।
पंजाब के फरीदकोट में बालाजी कॉलोनी निवासी विनय कुमार और फतेहाबाद के राजीव कॉलोनी निवासी सुमित कुमार घायल हो गए। टक्कर होने के बाद ट्राॅला चालक मौके से भाग गया। ट्राॅले में स्टील के बड़े-बड़े रोल लोड थे। टैक्सी चालक सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह संदीप, विनय और सुमित को अपनी टैक्सी में नीमराणा प्लांट से गुरुग्राम छोड़ने के लिए आ रहा था। रात करीब आठ बजे जब वह मानेसर में पॉलिटेक्निक कालेज के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रॉले ने टक्कर मार दी। उन्होंने ट्राले से बचने के लिए अपनी गाड़ी को सर्विस लेन के किनारे पर की लेकिन ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। उनकी गाड़ी उछलकर हाईवे-सर्विस लेन के बीच में बने नाले में फंस गई।
मौके पर मौजूद वाहन चालक और लोगों ने गाड़ी में से सभी को बाहर निकाला और अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। वहां पर डॉक्टर ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राजस्थान के जयपुर स्थित हीरो कंपनी में वह इंजीनियर थे। बृहस्पतिवार को जयपुर से नीमराणा स्थित हीरो कंपनी के प्लांट में आए थे। कंपनी में काम करने के बाद वह गुरुग्राम की तरफ जा रहे थे।