डीएमआरसी ने बैठक में उठाया मुद्दा, प्राधिकरण को यात्री समस्याओं की जानकारी भी दी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने एक बार फिर सेक्टर-15 से सेक्टर-63 स्थित इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक ब्लू लाइन के मेट्रो स्टेशनों के बाहर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया है। शुक्रवार को बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर यात्री समस्याओं को लेकर डीएसआरसी की तरफ से एक बैठक बुलाई गई थी। इसमें नोएडा प्राधिकरण के इंजीनियर भी शामिल हुए। डीएमआरसी ने प्राधिकरण को बताया कि सेक्टर-15, 16, 18, 34, 52, 59, 63 मेट्रो स्टेशनों के बाहर हो रहे अतिक्रमणों की वजह से यात्री परेशान हैं।
सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज के पास अंधेरा रहता है। यहां पर स्ट्रीट लाइट लगवाए जाने की मांग रखी गई। गेट नंबर-1 के पास बैरियर लगवाने की जरूरत बताई गई। बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के सामने फुट ओवर ब्रिज के रखरखाव को और सही करने व यहां पर ऑटो ई-रिक्शा के सड़क पर खड़े होने से लगने वाले जाम की जानकारी भी यात्री समस्या के रूप में दी गई। वहीं सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर सेक्टर-32 की तरफ नाली की सफाई न होने और गंदगी होने की जानकारी भी दिल्ली मेट्रो की तरफ से प्राधिकरण को दी गई। प्राधिकरण के जीएम एस पी सिंह ने बताया कि बैठक में वर्क सर्कल से इंजीनियरों को भेजा गया था। मेट्रो स्टेशन के आस-पास की जो भी समस्याएं सामने आई हैं उनका निस्तारण करवाया जाएगा।