गुरुग्राम। शहर के सबसे पुराने सदर बाजार में लॉकडाउन के बाद एक बार फिर से दुकानों के आगे अतिक्रमण शुरू हो गया है। नगर निगम ने भी अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसने के लिए उनकी वीडियोग्राफी करवानी शुरू कर दी है। नगर निगम की ओर से अगले सप्ताह सीलिंग अभियान चलाने की योजना बनाई जा रही है।
दरअसल, सदर बाजार शहर का सबसे पुराना और बड़ा बाजार है। यहां दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर रखा है। इस कारण बाजार में हर समय जाम की स्थिति रहती है। लॉकडाउन के बाद से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद सदर बाजार में धीरे-धीरे जैसे ही लोगों की भीड़ बढ़ रही है वैसे ही दुकानदारों ने दुकानों के आगे अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने के लिए निगम दो दिन से सदर बाजार की वीडियोग्राफी करवा रहा है। निगम सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह से नगर निगम कभी भी बाजार में अतिक्रमण करने वाली दुकानों को सील करने की कार्रवाई कर सकता है।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. गौरव अंतिल के अनुसार, सदर बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जाती रही है। इसके तहत दुकानों को सील भी किया गया था। अब नगर निगम द्वारा एक बार फिर वीडियोग्राफी के माध्यम से ऐसी दुकानों की पहचान की जाएगी, जिनके सामने सामान रखकर या रेहड़ी-पटरी लगवाकर अतिक्रमण करवाया जाता है। इन दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।