हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों का एलान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के कर्मचारी तीनों विभागों में आनुपातिक प्रणाली लागू करने का विरोध कर रहे हैं। 6 सितंबर को सिंचाई मंत्री श्रुति के भिवानी और 13 सितंबर को लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा के हिसार आवास का घेराव करेंगे।
यह एलान राज्य के मुख्य संगठन सचिव योगेश शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान अजय कुमार और उप कोषाध्यक्ष हितेश शर्मा ने गुरुग्राम में अधीक्षक अभियंता पब्लिक हेल्थ व बीएंडआर विभाग के कार्यालय के सामने विरोध सभा में किया। जिला कमेटी ने अधीक्षक अभियंता पब्लिक हेल्थ व बीएंडआर विभाग को 16 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इससे पहले सैकड़ों कर्मचारियों ने पब्लिक हेल्थ अधीक्षक अभियंता के कार्यालय परिसर में विरोध सभा की। उन्होंने मांग उठाई कि कच्चे कर्मचारियों को नीति बनाकर पक्का किया जाए। फील्ड कर्मचारियों के सेवा नियमों व वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए। डिप्लोमा होल्डर कर्मचारियों को कनिष्ठ अभियंता के पद पर पदोन्नति दी जाए। सभी कर्मचारियों और पेंशनर्स को कैशलेस मेडिकल सुविधा प्रदान की जाए। प्रदर्शनकारियों को राजेंद्र सरोहा, रेहड़ी पटरी यूनियन गुड़गांव के जिला सचिव राजेंद्र सिंह सरोहा ने भी संबोधित किया।