शुक्रवार सुबह जब दुकान की सफाई की गई तो युवक का शव मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बसई गांव में गली नंबर आठ स्थित फिनाइल की दुकान में बृहस्पतिवार देर रात आग लग गई। आग की चपेट में आने से कमरे में सो रहे कर्मी की जलकर मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब दुकान की सफाई की गई तो युवक का शव पाया गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जिला पन्ना निवासी हेतराम के रूप में हुई है। दुकान में फिनाइल बनाने का काम किया जाता है। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी शराब पीने की आदत थी। दुकान मालिक ने बताया कि मृतक साफ-सफाई का काम करता था। आशंका है कि वह रात को शराब पीकर सो गया होगा। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात मानी जा रही है। कमरे में कबाड़ भी पड़ा हुआ था। आग बुझाने के दौरान किसी की आवाज नहीं आई थी। उस समय पता नहीं चल पाया कि हेतराम वहीं पर मौजूद था। आग पर दुकान मालिक और अन्य लोगों ने ही काबू पा लिया था। सुबह सफाई के दौरान शव जला हुआ मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सेक्टर-9 थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि शव की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। दुकान जिस गली में थी वह काफी पतली है। करीब छह से आठ फीट की ही चौड़ाई है। ऐसे में वहां पर दुकान में फिनाइल बनाने और पैकिंग से जुड़ा कार्य किया जा सकता है या नहीं, इसके लिए जिला उपायुक्त को पत्र लिखा गया है। हालांकि दुकान संचालक के पास जीएसटी नंबर है। उपायुक्त कार्यालय की तरफ से निर्देश मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।