विदेश सहयोग विभाग हरियाणा ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार संगठनों के साथ मिलकर काम करने पर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा सरकार के विदेश सहयोग विभाग ने लघु सचिवालय में विभिन्न देशों के व्यापार संगठनों के साथ मिलकर परस्पर व्यापार बढ़ाने पर विचार विमर्श किया। बैठक में अमेरिका,जापान, कोरिया, स्वीडन, नीदरलैंड, यूनाइटेड अरब अमीरात आदि के संबंधित बिजनेस काउंसिल / चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। इसमें इज ऑफ डूइंग बिजनेस की सराहना करते हुए हरियाणा के साथ मिलकर काम करने की इच्छा व्यक्त की।
शुक्रवार को हुई बैठक की शुरुआत में विदेश सहयोग विभाग के महानिदेशक अंशज सिंह ने सभी का स्वागत किया और कहा कि विदेश सहयोग विभाग लगातार इस तरह के प्रयास कर परस्पर व्यापार बढ़ाने पर बातचीत करता है। उन्हें विश्वास है कि बैठक में होने वाली चर्चा के सार्थक परिणाम निकलेंगे जो दोनों पक्षों के लिए लाभकारी होंगे। हरियाणा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के चेयरमैन पूर्व आईआरएस अनुराग बख्शी ने हरियाणा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के गठन और मुख्य उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि काउंसिल की ओर से प्रदेश से निर्यात बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्ष 2023-24 में प्रदेश से 146180 करोड़ के सामान और 129065 करोड़ की सेवाओं का निर्यात हुआ है। प्रदेश की वार्षिक निर्यात वृद्धि दर देश के शीर्ष सात राज्यों में सबसे अधिक रही। विदेश सहयोग विभाग के सलाहकार पवन चौधरी ने अब तक किए गए प्रयासों के साथ प्रदेश में निवेश और व्यापार बढ़ाने की अपार संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी और भविष्य का रोडमैप भी प्रस्तुत किया। बैठक में अमेरिका,जापान, कोरिया, नीदरलैंड, यूनाइटेड अरब अमीरात और स्वीडन और अन्य उपस्थित विशेषज्ञों, संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार और सुझाव दिए। हरियाणा सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की सराहना करते हुए हरियाणा के साथ मिलकर काम करने की इच्छा व्यक्त की । बैठक में उपायुक्त निशांत यादव, यूएस चैम्बर ऑफ कॉमर्स से डॉ. ब्रजेश बरसे, जापान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री से केजी सुगिनों, कोरिया ट्रेड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी से जूंहवा बिन आदि उपस्थित रहे।