प्रतियोगिता पंजाब के संगरूर में आयोजित की जाएगी, 10 जून तक करा सकेंगे पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भारतीय शौकिया मुक्केबाजी महासंघ के तत्वावधान में एलीट पुरुष एवं महिला ओपन बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 जून तक पंजाब के संगरूर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली मुक्केबाज अपनी चुनौती पेश करेंगे। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और मुक्केबाजी खेल को बढ़ावा देना है।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में 19 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। महिला वर्ग में 53.5 किलोग्राम से 69.9 किलोग्राम तक व पुरुष वर्ग में 53.5 किलोग्राम से 97.9 किलोग्राम तक वजन वर्ग के खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण 10 जून तक किया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागियों का आधिकारिक वजन 11 जून को नापा जाएगा। इसके बाद 12 जून से मुकाबलों का शुभारंभ होगा।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न संस्थानों और अकादमियों के मुक्केबाज भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को अपने आयु और वजन वर्ग से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आयोजकों ने इच्छुक खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है ताकि प्रतियोगिता में भाग लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर भी मिलेगा। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।