निवासियों में रोष, 4.80 लाख का अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-37 में बिजली निगम की लापरवाही निवासियों के लिए भारी मुसीबत बन गई है। सिग्नेचर मिलेनिया सोसाइटी में अंडरग्राउंड केबल मरम्मत के दौरान कर्मचारियों ने सड़क खोदी, जिससे पास की बीपीटीपी पार्क सेरेन सोसाइटी की मुख्य केबल क्षतिग्रस्त हो गई।
इस चूक के कारण बीपीटीपी सोसाइटी में दो दिनों तक बिजली बाधित रही। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संदीप शर्मा के अनुसार, 10 जनवरी को 13 घंटे तक बिजली न होने के कारण सोसाइटी को जेनरेटर का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान 5,448 लीटर डीजल की खपत हुई, जिससे केवल एक दिन में निवासियों को 4.80 लाख रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ा।
निवासियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बिजली निगम को खुदाई से पहले अन्य सोसायटियों की केबल मैपिंग का ध्यान रखना चाहिए था। इस लापरवाही से न केवल लाखों का वित्तीय नुकसान हुआ, बल्कि घंटों जेनरेटर चलने से वायु प्रदूषण भी बढ़ा। आरडब्ल्यूए ने निगम से जवाबदेही और भविष्य में बेहतर तालमेल की मांग की है।