संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में बिजली की मांग भी बढ़ गई है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा। एक हफ्ते में बिजली की आपूर्ति 100-200 मेगावाट तक बढ़ी है। बिजली निगम के एसई श्यामबीर सैनी ने बताया कि पिछले हफ्ते तक जहां बिजली की आपूर्ति 1400 से 1500 मेगावाट तक हो रही थी, रविवार और सोमवार को यह 1700 तक पहुंच गई है। करीब 115 लाख यूनिट तक की बिजली की खपत इस समय शहर में हो रही है। पिछले साल गर्मी के मौसम अधिकतम 2355 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शहर में हुई थी।
गर्मी ज्यादा होने के कारण पिछले साल दौलताबाद और बादशाहपुर के पावर स्टेशन के पावर ट्रांसफार्मर को ठंडा करने के लिए कूलर का प्रयोग भी किया गया था। इस साल अगर ऐसी जरूरत पड़ी तो यह प्रयोग किया जाएगा। वहीं, मांग बढ़ने के साथ-साथ बिजली संबंधित शिकायतें भी बढ़ी हैं। बिजली निगम के गुरुग्राम डिविजन के सर्किल वन में पिछले 13 से 19 अप्रैल तक 6504 शिकायतें दर्ज की गईं। सर्किल वन में गुरुग्राम के पुराने शहर को समेटे सिटी डिविजन और मानेसर शामिल है। सिटी डिविजन में इस दौरान 4397 शिकायतें आईं जबकि मानेसर में 2107 शिकायतें दर्ज की गई। सिटी डिविजन के 10 सब डिविजनों में सबसे ज्यादा शिकायतें न्यू पालम विहार सबडिविजन आईं।
बिजली निगम मुख्यालय में होगी मॉनिटरिंग
बिजली निगम के प्रवक्ता संजय चुग ने बताया कि बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने निर्देश दिया है कि डीएचबीवीएन मुख्यालय में एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम 24/7 आधार पर कार्य करेगा, जो पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग करेगा। यह कंट्रोल रूम फीडर स्तर पर सप्लाई की स्थिति, ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन पर नजर रखेगा और आउटेज और बहाली का पूरा रिकॉर्ड बनाएगा।