घंटों हो रही कटौती, वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से परेशानी बढ़ी सूरत नगर, सेक्टर चार, सेक्टर 43, सेक्टर सात, 47, सुशांत लोक में परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बिजली निगम स्मार्ट ग्रिड और 24 घंटे बिजली के दावे गर्मी में फेल हो चुके हैं। शहर के उन हिस्सों में पूरी बिजली कटौती हो रही है, जहां स्मार्ट ग्रिड के तहत 11 केवी की लाइन अंडरग्राउंड कर दिया गया था।
कहीं ओवर लोडेड ट्रांसफार्मर जवाब दे रहे हैं तो कहीं सबस्टेशन में परेशानी आ रही है। तो वहीं, कहीं आरएमयू (रिंग मैन यूनिट) काम नहीं कर रहा है। स्मार्ट ग्रिड के तहत आरएमयू इसलिए लगाए गए थे कि अगर एक जगह पर कोई फॉल्ट हो तो लाइन दूसरी लाइन से जुड़कर बिजली व्यवस्था सुचारू रहे। सुशांतलोेक और सेक्टर-43 के निवासियों ने बताया कि रिंग मैन यूनिट में कई जोड़ लग गए हैं। इलाके में वोल्टेज के उतार चढ़ाव, बार-बार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। सेक्टर-43 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष आरएस सिरोही ने बताया कि कई-कई बार बिजली कट रही है। कई पाॅकेट के ट्रांसफार्मर ओवरलोडेड हैं। आरएमयू को जुगाड़ से पूरा देसी सिस्टम बना दिया गया है। इस ऑटोमेटिक सिस्टम का रखरखाव नहीं हो रहा है।
पुराने शहर में सेक्टर-चार, सात, नौ, न्यू कॉलोनी, ज्योतिपार्क, मदनपुरी, शिवाजी नगर, राजेंद्रा पार्क, सूरत नगर में लोग बिजली कटौती से परेशान हैं। सूरत नगर फेज टू के कुछ हिस्से में फॉल्ट आने के कारण शनिवार पूरी रात बिजली नहीं थी। इस कारण लोगों को पानी भी नहीं मिल सका। हालांकि, न्यू पालम विहार के एसडीओ विक्रम सिंह चौहान ने कहा कि बिजली निगम कोई बड़ा फॉल्ट नहीं है। स्थानीय स्तर पर छोटे फॉल्ट की वजह से दिक्कत आई होगी। बिजली कर्मी लगातार काम में जुटे हैं।
कई दिन से परेशान कर रहे बिजली के कट
हमारी गली में शनिवार रात से रविवार शाम तक बिजली नहीं है। बिजली नहीं होने के कारण पानी का संकट भी हो गया है। काफी मुश्किल आ रही है। - शालू, सूरत नगर फेज टू
हमारी गली के कुछ घरों में पूरी रात बिजली नहीं थी। काफी परेशानी आई। सुबह शिकायत के बाद बिजली आई। पूरी रात लोग परेशान रहे। - मान्यता कुशवाहा, सूरजमल सोसाइटी, सूरत नगर फेज वन
बार-बार बिजली कट रही है। वोल्टेज में काफी उतार चढ़ाव है। दोपहर के वक्त कई बार बिजली कटने से काफी दिक्कत आई। - एसके कालरा, सेक्टर 47
सेक्टर सात के पॉकेट सी में रोजाना 10 से 12 घंटे बिजली जा रही है। एक लोकल फॉल्ट कई दिनों से है। एक हफ्ते से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। - हरिओम यादव, सेक्टर - 7
स्मार्ट ग्रिड सिस्टम फेल है। छोटे-छोटे पॉकेट में ट्रांसफार्मर लोड नहीं ले पा रहे हैं। पांच से छह बार बिजली कटती है। स्मार्टग्रिड के तहत लगे आरएमयू (रिंग मैन यूनिट) के जोड़ लगाकर देसी सिस्टम बना दिया है। - कर्नल रविंदर सिंह सिरोही, सेक्टर 43
पटौदी सबडिवीजन में प्रतिदिन एक लाख यूनिट बिजली इस्तेमाल कर रहे उपभोक्ता
पटौदी। भीषण गर्मी में विद्युत आपूर्ति की मांग काफी ज्यादा हो गई है। प्रतिदिन करीब एक लाख यूनिट की खपत पहुंच गई है। ऐसे में बिजली निगम के सामने उपभोक्ताओं को बिना बाधित बिजली पूर्ति करना चुनौती है। अप्रैल और मई के महीने में उपभोक्ताओं ने पांच लाख ज्यादा यूनिट की खपत हुई है। पटौदी सब डिवीजन में दो फीडर हैं। इसके साथ ही पांच हजार बिजली उपभोक्ता हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम पटौदी के एसडीओ रोहित कुमार के बताया कि गर्मी के बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। फॉल्ट और ट्रिपिंग के मामले सामने आने पर कर्मचारी तुरंत ठीक करते हैं। अप्रैल माह में बिजली की खपत की 23 लाख 89 हजार यूनिट खपत हुई थी। जबकि मई माह में 29 लाख 41 हजार यूनिट खपत हो गई। जून में 30 लाख से ज्यादा यूनिट की खपत होगी। संवाद