डीएचबीवीएन सूर्य घर के तहत दे चुका है 21,013 कनेक्शन, गुरुग्राम में 2636 कनेक्शन जारी
पूनम
गुरुग्राम। बिजली निगम पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से हर उस घर को जोड़ने की कवायद में जुटा है। बिजली के विभिन्न सबडिविजन के अधिकारी इसको लेकर गांवों में शिविर लगाकर लोगों को समझाने में जुटे हैं कि वे घरों के छत पर सोलर पैनल लगवाएं। इसके तहत मिलने वाली सब्सिडी व अन्य सुविधाओं के बारे में इन शिविरों में बताया जा रहा है।
डीएचबीवीएन ने अभी तक इस योजना के तहत 21,013 उपभोक्ताओं को कनेक्शन दे दिया है। इसमें गुरुग्राम सर्किल वन में 1,646 और सर्किल टू में 990 कनेक्शन शामिल हैं। विभिन्न सबडिविजन के अधिकारियों को इसके लिए सघन अभियान के निर्देश हैं। पालम विहार सबडिविजन के एसडीओ विक्रम सिंह परमार ने बताया कि सबडिविजन में 500 घरों में सोलर प्लांट का लक्ष्य रखा है। अभी तक 125 घरों में इसकी स्वीकृति हो गई।
बादशाहपुर सबडिविजन के एसडीओ सुनील सैनी ने बताया कि लगातार गांवों में इस योजना को लेकर जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। यह योजना रिहायशी सोसाइटियों के लिए भी है लेकिन पुराने ढांचे में छतों पर जगह के अभाव, पुराने बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर और बिल्डरों की ओर से अपनाए गए सिस्टम के कारण सोसाइटियों में इसकी प्रगति धीमी है। कुछ सोसाइटियों के लोग इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं।
ये सोसाइटियां है सौर उर्जा उत्पादन में नजीर
डीएलएफ फेज-पांच स्थित वेलिंगटन एस्टेट व सेक्टर-56 स्थित देविंदर विहार सोसाइटी ने सोलर प्लांट लगाकर अपने यहां के काॅमन एरिया की बिजली का लगभग हिस्सा हरित उर्जा से बना रहे हैं। वेलिंगटन एस्टेट के पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विनीत बग्गा बताते हैं कि सोसाइटी के कॉमन एरिया के खपत का करीब 70 प्रतिशत बिजली रूफ टॉप सोलर पैनल से बनाई जा रही है। 555 परिवारों की इस सोसाइटी में करीब 33 लाख रुपये सालाना बिजली बिल की बचत हो रही है।
लोग बोले-सरकार से भी मिली थी सब्सिडी
शुरुआती छह साल में सोलर सिस्टम पर लगा खर्च पूरा हो गया। सरकार की सब्सिडी भी मिली। हम लोग सोसाइटी के कॉमन एरिया में खर्च होने वाली 70 प्रतिशत बिजली सोलर प्लांट से बनाकर 33 लाख रुपये का बिजली बिल बचा रहे हैं। - विनीत बग्गा, वेलिंगटन एस्टेट, डीएलएफ फेज पांच
सोसाइटी के सोलर पैनल का लाभ कॉमन एरिया के बिजली के बिल को मिल रहा है। हमारी बिजली सरप्लस होती है, जो ग्रिड में जाती है। पैनल को लगवाने में सरकार से हमें सब्सिडी भी मिली थी। - कर्नल रघुवीर सिंह देशवाल, देविंदर विहार, सेक्टर 56
हमारी प्लॉटेड सोसाइटी है, हमलोग अपनी छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बिल्डर ने ऐसा सिस्टम नहीं बनाया कि हम सोलर सिस्टम लगा सकें। - सुमेर सिंह, बीपीटीपी एमस्टोरिया सेक्टर 102
पुराने समय में जब बिल्डिंगें बनी थी तब सौर उर्जा पर ध्यान नहीं दिया गया। रूफ टाॅप सिस्टम के अनुसार भवन नहीं बने। जगह की कमी के बावजूद हम लोग बिजली निगम से सोलर पैनल लगवाने के उपाय में जुटे हैं। - डीडी शर्मा, रेल विहार सेक्टर 56
-
सूर्य घर योजना के तहत अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सौर उर्जा अपनाने वाले लाभार्थियों को समय पर सब्सिडी उपलब्ध कराई जाए। सौर उर्जा को बढ़ावा देने, उपभोक्ताओं को जागरूक करने और नए सौर कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं की जानी चाहिए। - विक्रम सिंह, प्रबंध निदेशक डीएचबीवीएन