अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में 22 सितंबर की सुबह खवासपुर गांव की ओर से सर्विस रोड पर तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक के बेटे सत्यवान की शिकायत पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ फर्रुखनगर थाने में सड़क हादसे में मौत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
मृतक की पहचान जुड़ौला गांव निवासी पूर्ण सिंह के रूप में हुई है। मृतक के बेटे सत्यवान ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे पिता बावड़ा गांव से खवासपुर गांव की ओर सर्विस रोड पर पैदल चल रहे थे। एमआर टायर दुकान के पास तेज रफ्तार बाइक ने पूर्ण सिंह को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर बुजुर्ग के परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार वालों ने हादसे को अंजाम देने वाली बाइक के फोटो भी मोबाइल में क्लिक किए हैं। हालांकि बाइक चालक मौके से भाग गया।
-
मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। बाइक के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार करके मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- अशोक कुमार, जांच अधिकारी, फर्रुखनगर थाना