गुरुग्राम। शहर में दो सड़क हादसों में एक बुजुर्ग व एक युवक की मौत हो गई। दोनों के परिजनों ने वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दोनों ही मामलों में चालक फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पहले मामले में खेड़की दौला में रामपुर चौक के पास झुग्गियों में रहने वाले रणजीत ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने पिता अतर सिंह के साथ घर का सामान लेने बाजार जा रहा था। रामपुर चौक पर रोड पार करते वक्त एक बाइक सवार ने पिता को जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल उसके पिता को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। चौक पर लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जा रहा है।
दूसरे मामले में यूपी के मथुरा निवासी कन्हैया ने बिलासपुर थाना पुलिस को बताया कि वह और उसके जीजा मथुरा निवासी महेश शुक्रवार को गुुरुग्राम से केएमपी एक्सप्रेस वे होते हुए बाइक से अपने गांव जा रहे थे। पचगांव के पास एक कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। हादसे में जीजा महेश को गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। कन्हैया ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।