- 2022 में हंस फिलिंग स्टेशन पर की गई थी तोड़फोड़ और लूट, अब तक आठ आरोपी पहुंचे जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने वर्ष 2022 में नेशनल हाईवे स्थित हंस फिलिंग स्टेशन पर हुए लूटपाट और मारपीट मामले में आठवें आरोपी गोपाल निवासी धारम पट्टी, होडल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि 26 फरवरी 2022 को पंप मैनेजर धर्मेंद्र सिंह निवासी खेड़ला ने शिकायत दी थी कि रात के समय एक थ्री-व्हीलर चालक सीएनजी भरवाने आया और पैसे देने से इंकार कर झगड़ा करने लगा। करीब 15 मिनट बाद वह अपने साथ 10–15 बदमाशों को लेकर लौटा और पंप पर तैनात कर्मचारियों गोविंद सिंह, नेतराम, राजकुमार, भगवत दयाल और मुरारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमलावरों ने कर्मचारियों की जेब से करीब एक लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया और अब तक चंद्रभान, सुमित, मोहित शुक्ला, रवि कुमार, योगेश, हैप्पी व जितेंद्र उर्फ जीतन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आठवें आरोपी गोपाल की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अधिकांश आरोपी जेल पहुंच चुके हैं। अब शेष आरोपियों की तलाश जारी है।