गुरुग्राम में संपत्तिकर न जमा करने वालों की संपत्ति सील करता नगर निगम कर्मचारी।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। संपत्तिकर डिफाल्टरों पर नगर निगम ने एक बार फिर से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम ने आठ संपत्तियों को सील किया।
नगर निगम के क्षेत्रिय कराधान अधिकारी विजय कपूर की टीम ने जोन-1 में दो संपत्तियों को सील किया है। दोनों पर निगम का दस लाख से ज्यादा का संपत्तिकर बकाया है। क्षेत्रीय कराधान अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने भी जोन-2 में पालम विहार स्थित पालम कोआपरेटिव प्लाजा में दो संपत्तियों को सील किया गया है। दोनों संपत्तियों पर नगर निगम का करीब 13 लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया है। संपत्तिकर डिफाल्टरों को बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद कर का भुगतान नहीं करने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि दस लाख से ज्यादा के संपत्तिकर डिफाल्टरों पर सीलिंग अभियान अब लगातार जारी रहेगा।
वहीं, जोन-3 की टीम ने चार संपत्तियों को सील किया है। सभी पर निगम का करीब 54 लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया है। क्षेत्रिय कराधान अधिकारी ने समीर श्रीवास्तव ने बताया कि संपत्तिकर डिफॉल्टरों की पांच संपत्तियों को सील किया जाना था, लेकिन एक भवन मालिक ने टीम को मौके पर ही अपने संपत्तिकर कर का भुगतान कर दिया। इस पर करीब दस लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया था। अन्य चार संपत्तियों को सील कर दिया है।