शहर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू की जाएंगी विभिन्न गतिविधियां
एसीएस ने इस बाबत की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्लास्टिक मुक्त मॉडल शहर के रूप में गुरुग्राम को विकसित करने के लिए जल्द ही विभिन्न क्षेत्रों को चिह्नित कर पायलट प्रोजेक्ट के तहत आवश्यक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिले में की जा रही तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण ने गुरुग्राम में एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की।
आनंद मोहन शरण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस प्रोजेक्ट को केवल एक सरकारी कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन की भावना के साथ आगे बढ़ाए। जन जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर्स, शॉर्ट वीडियो क्लिप्स, जिंगल्स, सोशल मीडिया अभियानों, नुक्कड़ नाटकों तथा सामुदायिक बैठकों जैसे प्रभावशाली माध्यमों का उपयोग किया जाए। इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स , मॉल, बाजारों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। जब तक आमजन स्वयं प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित नहीं होंगे, तब तक कोई भी सरकारी प्रयास सफल नहीं हो सकता। डीसी अजय कुमार ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए आरडब्ल्यूए का सहयोग अनिवार्य है।