एचएसआईआईडीसी ने बनाई योजना, बच्चों के खेलने के लिए लगेंगे नए उपकरण व ओपन जिम
दीपक वर्मा
मानेसर। औद्योगिक क्षेत्र मानेसर के पार्कों की हालत जल्द ही सुधरने वाली है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने पार्कों की मरम्मत और सुधार के लिए योजना तैयार की है। इस काम पर करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम की ओर से इसका एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है। मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
आईएमटी मानेसर में करीब 20 से 30 छोटे-बड़े पार्क हैं। इनमें से ज्यादातर पार्कों की हालत काफी खराब हो चुकी है। कई पार्क में झूले टूटे हुए हैं तो कहीं बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है। इसके अलावा पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं हैं। इस समस्या को लेकर कई बार उद्यमियों ने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को शिकायत दी है। इसके बाद अब निगम ने पार्कों को सुधारने की तैयारी की है।
एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत पार्कों में टूटे हुए झूलों की मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही बच्चों के खेलने के लिए नए उपकरण व ओपन जिम भी लगाए जाएंगे। पार्कों की टूटी हुई चारदीवारी को ठीक कराया जाएगा और जहां जरूरत होगी, वहां नई बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी। इसके अलावा पार्कों में मौजूद दूसरी कमियों को भी दूर किया जाएगा।
फिलहाल निगम की ओर से पार्कों में छोटे-मोटे मरम्मत के काम कराए जा रहे हैं। बजट और टेंडर को मंजूरी मिलने के बाद सभी छोटे और बड़े पार्कों में सुधार का काम शुरू कर दिया जाएगा। आईएमटी मानेसर देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां ढाई हजार से अधिक छोटी व बड़ी औद्योगिक इकाइयां हैं और लाखों कर्मचारी रोजाना काम के लिए आते हैं। ऐसे में पार्कों की खराब हालत के कारण लोगों को परेशानी होती है। पार्कों के ठीक होने से कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
औद्योगिक क्षेत्र मानेसर के पार्कों की हालत सुधारने के लिए करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर पार्कों की मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। - विशाल, मैनेजर, एचएसआईआईडीसी