रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदर्शन करके मांगों को पूरा करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सांझा मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को गुरुग्राम डिपो में प्रधान संदीप दलाल और विनोद शर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग के प्रधान सचिव की तानाशाही के विरोध में प्रदर्शन करके पुतला फूंका गया। इसके अलावा बहरामपुर स्थित हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचआरईसी) में भी हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के प्रधान सुरेश कुमार यादव व धूप सिंह के नेतृत्व में भी पुतला फूंका।
हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन (इंटक) के गुरुग्राम डिपो प्रधान संदीप दलाल ने बताया कि बीती 23 जून को परिवहन मंत्री की बैठक में जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उनके परिपत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। वहीं प्रधान सचिव कर्मचारी विरोधी तानाशाही फरमान जारी कर रहे हैं।
विनोद शर्मा ने बताया कि सैकड़ों निजी परिवहन समितियों की बसें हाईकोर्ट की डबल बेंच में केस हारने के बावजूद भी बिना रोक-टोक चलाई जा रहीं हैं। सरकार द्वारा बिना किसी मांग के 265 मार्गों पर असीमित परमिट देने की योजना लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि रोडवेज विभाग को पूंजीपतियों के हाथों में देने के रास्ते तैयार किए जा रहे हैं। सरकार परिचालकों की भर्ती हरियाणा कौशल विभाग से कर रही है। जबकि सांझा मोर्चा इसका विरोध करता हैं। रोडवेज विभाग में सभी प्रकार के रिक्त पदों पर पक्की भर्ती की जाए।
गुरुग्राम डिपो के प्रधान संदीप दलाल ने कहा कि सांझा मोर्चा मांग करता है कि प्रधान सचिव की कर्मचारी व विभाग विरोधी नीतियों पर अंकुश लगाया जाए। अन्यथा आगामी दो अक्तूबर को रोहतक में सांझा मोर्चा द्वारा बैठक करके बडे़ आंदोलन की घोषणा की जाएगी। जिसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदारी परिवहन विभाग के आला अधिकारियों की होगी। पुतला दहन व विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से सतेंद्र कादायन, मनीष दलाल, अनूप बोहरा, राजकुमार सुहाग, प्रवीन देशवाल, सुरेश छिक्कारा, श्यामलाल, मनीष चिड़ी, अमनदीप, प्रवेश, सुरेंद्र, राकेश डाबौदिया, सुनील, जितेंद्र, अमित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।