उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने फर्रुखनगर खंड के ग्राम बुढेड़ा में राजकीय विद्यालय के नवीन भवन की आधारशिला रखी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को फर्रुखनगर ब्लॉक के गांव बुढेड़ा में राजकीय विद्यालय के नए भवन की आधारशिला रखी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों व स्कूली विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार की स्पष्ट सोच है कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। इसी लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की ओर से बड़े पैमाने पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि जिस विद्यालय के पुराने भवन की नींव कभी उनके पूज्य पिताजी ने रखी थी, आज उसी विद्यालय के नवीन भवन की आधारशिला उनके कर-कमलों से रखी जा रही है। यह उनके लिए भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण है।
राव ने कहा कि बुढेड़ा में बनने वाला यह नया विद्यालय भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इस भवन में कुल 15 कमरे होंगे, जिनमें 10 कक्षा-कक्ष, एक प्रिंसिपल रूम, 3 आधुनिक प्रयोगशालाएं व अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक बहुउद्देशीय कक्ष शामिल होंगे। इसकी कुल लागत लगभग 1.79 रुपये करोड़ होगी। पर्यावरण मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए उपस्थित जन से पॉलीथिनमुक्त गुरुग्राम बनाने का आह्वान किया।