-पति और बेटे के साथ आइसक्रीम खाने गई थी महिला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में इको वैन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपति समेत उनका बेटा घायल हो गया। महिला को गंभीर चोटें लगने के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान शिवाजी नगर क्षेत्र निवासी नमीता गोयल के रूप में हुई है।
पुलिस की छानबीन में पता चला कि नमीता गोयल शनिवार की रात करीब 11 बजे अपने पति रोहित गोयल व 13 साल के बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर न्यू कॉलोनी क्षेत्र में आइसक्रीम खाने के लिए गई थी। जब वे वापस आ रहे थे तो न्यू कॉलोनी थाना से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार इको वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में नमीता को गंभीर चोटें व उसके पति के पैर में चोट लगी। जबकि इस हादसे में दंपती के बेटे को हल्की चोटें आई हैं।
जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि इको वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इको चालक को जल्द ही गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।