फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: पहले पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से पैसे ऐंठता था फर्जी आईएएस

विज्ञापन
विज्ञापन
फॉलोअप...
विज्ञापन

- फर्जी अधिकारी बनने वाले मामले में पहले भी हो चुका गिरफ्तार
- 06 दिसंबर 2024 को प्रतापगढ़ की कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने की थी कार्रवाई
- पीएमओ कार्यालय और गृह मंत्रालय का असिस्टेंट सेक्रेटरी बनकर झाड़ता था रौब
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पालम विहार से गिरफ्तार फर्जी आईएएस जय प्रकाश पाठक को पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से पैसे ऐंठने के मामले में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। 06 दिसंबर 2024 को प्रतापगढ़ की कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जय प्रकाश पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोपी जय प्रकाश पाठक को भूपियामऊ ओवरब्रिज के पास से थार गाड़ी के साथ पकड़ा गया था।
कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने जब जय प्रकाश को पकड़ा तो उसने पीएमओ कार्यालय का आईडी कार्ड दिखाया और बताया कि वह पीएमओ कार्यालय में असिस्टेंट सेक्रेटरी (सपोर्ट स्टाफ) के तौर पर नियुक्त है। जब पुलिस टीम ने जय प्रकाश की तलाशी ली तो उसके पास से गृह मंत्रालय, नार्थ ब्लॉक क्रेंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली का आईडी कार्ड मिला। इस कार्ड पर जय प्रकाश का फोटो लगा था और गृह मंत्रालय में कार्यालय में असिस्टेंट सेक्रेटरी ऑफिसर पद लिखा हुआ था। इसके अलावा जेब से 5,200 रुपये, पांच लाख रुपये का चेक और दो मुहर मिली। इनमें से एक मुहर पर थाना कोतवाली नगर जनपद प्रतापगढ़ और दूसरी मुहर पर उप जिलाधिकारी तहसील सदर जनपद प्रतापगढ़ लिखा हुआ था। वहीं, आरोपी से चार मोबाइल भी बरामद किए गए थे।
विज्ञापन

पुलिस ने जब जय प्रकाश पाठक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया था कि वह न तो पीएमओ कार्यालय का अधिकारी है और न ही गृह मंत्रालय कार्यालय काम करता है। वह पीएमओ कार्यालय का अधिकारी बनकर जिले के आला अधिकारियों से काम कराने का दबाव डालता है और इसकी एवज में लोगों से रुपये लेता है। आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह कई थाना प्रभारियों से खुद को पीएमओ कार्यालय के अधिकारी बताकर कई काम निकलवा चुका है। वहीं, थाना प्रभारियों सहित अन्य पुलिसकर्मियों को अच्छे थानों में चार्ज, आउट ऑफ टर्न प्रमोशन आदि का लालच देकर भी काम निकलवाता था। वहीं, आसपास के लोगों के बीच अपना रुतबा दिखाने के लिए जिले के बड़े-बड़े अधिकारियों को अपने घर पर बुलाता था और खुद को बड़ा अधिकारी दिखाने का भ्रम डालता था। वहीं, युवाओं को मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये ठगता था।
विज्ञापन

पालम विहार थाने की पुलिस सेक्टर-22ए से गिरफ्तार फर्जी आईएएस जय प्रकाश पाठक को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी से ठगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है कि गुरुग्राम में उसने कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है और कुल कितनी राशि ठगी है। मंगलवार को आरोपी जय प्रकाश पाठक को अदालत में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें