मंगलवार को मानेसर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 129 दर्ज किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार धूल के कारण हवा की गुणवत्ता खराब होने लग रही थी। हवा में धूल के कण बढ़ने से लोगों को स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। लगातार खराब होती हवा के कारण लोग परेशान थे।
लेकिन मंगलवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दोपहर के समय तेज आंधी चली और उसके बाद हल्की बारिश भी हुई। इस आंधी और बारिश के कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण काफी हद तक नीचे बैठ गए, जिससे वातावरण साफ होने लगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार मंगलवार को मानेसर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 129 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। इसका मतलब है कि हवा की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है। बारिश और आंधी के बाद तापमान में भी थोड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। लोगों ने बताया कि बारिश के बाद भले ही थोड़ी राहत मिली है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन तक नहीं रहेगी। अगर प्रशासन की तरफ से सड़कों के किनारे मिट्टी को नियमित रूप से नहीं हटाया गया तो फिर से धूल के कारण परेशानियों का सामना करना पडेगा।