गुरुग्राम। कोरोना महामारी ने रामलीला मंचन की तरह दशहरा पर्व मनाने में भी खलल डाल दिया है। जिले में दशहरे के अवसर पर रविवार को सात जगह ही रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतले जलाए जाएंगे। इन स्थानों पर रामलीला मंचन करा रही समितियों ने पुतले जलाने का निर्णय लिया है, जबकि गत वर्षों के दौरान लगभग 24 रामलीला समितियों के अलावा कई धार्मिक संस्थाएं भी पुतले जलाती थीं।
जिले में इस बार दशहरा पर्व के अवसर पर रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतले जलाने के लिए एक स्थान पर भी बड़ा आयोजन नहीं हो रहा है। रामलीला मंचन करा रहीं समस्त रामलीला समितियों ने भी औपचारिकता निभाने के लिए छोटे पुतले बनवाए हैं। इसके अलावा वह बड़े मैदान की बजाय रामलीला मंचन स्थल पर ही पुतले जलाएंगी।
गुरुग्राम की न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन में श्री रामलीला समिति, फर्रुखनगर में श्री सनातन धर्म न्यू रामलीला क्लब, जैकबपुरा में श्री दुर्गा रामलीला समिति, सोहना में श्री शानदार रामलीला क्लब, गुरुग्राम में श्री प्रेम मंदिर की श्री रामलीला समिति पुराना रेलवे रोड, पटौदी में श्री बाबा गोवर्धन दास सनातन धर्म रामलीला समिति व गुरुग्राम के भीम नगर में श्री रामलीला समिति ने पुतले जलाने का निर्णय लिया है। ये रामलीला समितियां मंचन स्थल पर ही पुतले जलाएंगी।