अधिकारी का अभद्र भाषा का प्रयोग करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के इंर्फोसमेंट विंग के अधिकारी व जिले के नोडल अधिकारी आरएस बाठ के साथ मीट के दुकानदारों ने दुर्व्यवहार किया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई। इसी बीच डीटीपी ने गुस्से में आकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जीएमडीए के डीटीपी व तोड़फोड़ के जिला नोडल अधिकारी आरएस बाठ नगर निगम के साथ मिलकर शहर में अवैध कब्जों पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। उन्हें शिकायत मिली थी कि हरि नगर और सीआरपीएफ रोड पर अवैध रूप से मीट की दुकानें चल रही हैं। सोमवार शाम निगम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां दो दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई का दुकानदारों ने विरोध किया। अवैध दुकानों को सील करने के दौरान एक दुकानदार के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। दुकानदारों ने टीम के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस दौरान एक दुकानदार ने कहा कि पैसे लेकर लाइसेंस बनते हैं। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहस हुई। इसी बातचीत के दौरान अधिकारी ने दुकानदार से लिखित में शिकायत देने को कहा। दुकानदार ने उल्टा अधिकारी से लिखित में कागज मांगा और कहा कि वह साइन कर देगा। इस पर डीटीपी ने आपा खो दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
लोगों ने टीम के साथ बदसलूकी की और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बिना लाइसेंस मीट की दुकानों को नहीं चलने दिया जाएगा। बिना लाइसेंस की सभी दुकानों और रेहड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार का व्यवहार आपत्तिजनक है।- आरएस बाठ, नोडल अधिकारी