रेंग-रेंग कर निकले वाहन, जगह-जगह हुआ जलभराव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानसूनी से पहली की बारिश का असर दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों पर दिखा। इफको चौक के फ्लाईओवर से लेकर खेड़कीदौला टोल से पहले 15 किमी की दूरी पर वाहन रेंग-रेंग कर निकलते नजर आए। इसका कारण जगह-जगह यानी फ्लाईओवर पर चढ़ते या उतरते समय जलभराव होना था।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जलभराव का नजारा शंकर चौक के फ्लाईओवर के उतरते ही देखने को मिला। साइबर पार्क की ओर से आने वाले वाहन उद्योग विहार क्लोरलीफ पर चढ़ने से पहले जलभराव के बीच से निकल रहे थे। इफको चौक फ्लाईओवर से लेकर सिग्नेचर टावर के बीच में फ्लाईओवर की चढ़ाई वाले प्वाइंट पर पानी जमा था। जहां-जहां निकासी व फ्लाईओवर पर चढ़ने का प्वाइंट था। वहां पर वाहनों की भीड़ थी। ऐसे में द्वारका एक्सप्रेसवे पर चढ़ने तक जाम दिखा। 15 किमी की यह दूरी आम समय में 18 से 20 मिनट में तय होती है। जाम के चलते यही दूरी 52 मिनट में तय हो रही थी। गूगल की ओर से लोगों के मोबाइल पर अलर्ट भी आ रहा था। इसके कारण रात आठ बजे के बाद वाहनों का दबाव कम हुआ।
वर्जन
बारिश के चलते कुछ देर तक दिल्ली -जयपुर हाईवे पर जाम के हालात नजर आ रहे थे, मगर वाहन रेंग-रेंग कर निकल रहे थे। सभी प्वाइंट पर ट्रैफिक के जवान तैनात थे। कुछ पल के लिए एक वाहन रुकने का असर पीछे आ रहे वाहनों पर पड़ जाता है। - जय सिंह, एसीपी हाईवे , गुरुग्राम।