नगर एवं ग्राम योजनाकार विभाग की टीम इमारत को सील करते हुए।फोटो- विभाग
रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ चल रही थीं व्यावसायिक गतिविधियां
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर एवं ग्राम योजनाकार विभाग की प्रवर्तन शाखा ने बृहस्पतिवार को डीएलएफ फेज-2 में चार इमारतों को सील किया है। रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर यह कार्रवाई की गई है। सील की गई इमारतों में तीन गेस्ट हाउस और एक बेसमेंट में संचालित व्यावसायिक कार्यालय शामिल हैं।
विभाग ने एल-2/11 के बेसमेंट में चल रहे व्यावसायिक कार्यालय को सील किया। इसके अलावा, के-9/7 में 16 कमरों का गेस्ट हाउस और के-9 में एक अन्य गेस्ट हाउस पर ताला जड़ा गया। 30 आकाशनीम मार्ग पर 17 कमरों का एक और गेस्ट हाउस भी सील किया गया। यह सीलिंग अभियान करीब एक महीने के अंतराल के बाद दोबारा शुरू हुआ है। डीएलएफ फेज-2 में पहली बार ऐसी कार्रवाई की गई है। 3 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि मामले की सुनवाई के अधीन होने के बावजूद विभाग नियमानुसार कार्रवाई जारी रख सकता है।
अधिकारियों का कहना है कि डीएलएफ फेज-2 में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शुक्रवार व शनिवार को भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। अगले सप्ताह भी विभाग की टीमें लगातार अभियान चलाएंगी।
लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में रिहायशी मकानों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप ही होना चाहिए। नियमों के खिलाफ पीजी, गेस्ट हाउस या कार्यालय चलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
- अमित मधोलिया, डीटीपीई, जिला नगर योजनाकार विभाग, गुरुग्राम