- ऑनलाइन संबोधन में बोले- नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, हजारों युवाओं ने लिया संकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में रविवार को 'विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा' विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों से हजारों युवक-युवतियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएगा। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आग्रह किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान की प्रार्थना और मंगल धुन के साथ हुई। बीएपीएस संस्था के वरिष्ठ संत ईश्वरचरणदास स्वामी ने युवाओं को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि भगवान स्वामिनारायण ने सदैव चरित्र निर्माण और नशामुक्त जीवन पर बल दिया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बीएपीएस द्वारा युवाओं में नैतिक मूल्यों और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम देशभर में बीएपीएस के प्रमुख केंद्रों पर एक साथ आयोजित किया गया। इसमें 10 हजार से अधिक स्थानों से माय भारत, एनएसएस के स्वयंसेवकों, स्कूलों, कॉलेजों और 125 से अधिक आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया।