संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। जाटौली मंडी के जाटौली गांव के तीन युवक 18 दिसंबर को कार में घर से निकले थे। इनमें से जाटौली निवासी कार चालक दीपक का शव 22 दिसंबर को राजस्थान के किशनगढ़बास बाइपास पर कार की पिछली सीट से मिला। दो साथियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार जाटौली निवासी दीपक टैक्सी चलाता था। 18 दिसंबर को जाटौली निवासी अरुण व देशराज घर से बाहर गए थे। मृतक के परिजनों ने जब दीपक को फोन किया तो उसने बताया कि वह साढ़े सात बजे तक घर लौट आएगा। मृतक दीपक सहित उसके साथ गए युवकों का मोबाइल बंद मिला तो परिजनों ने हेलीमंडी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, 22 दिसंबर को राजस्थान के किशनगढ़बास बाईपास के पास एक कार खड़ी दिखी, जिसमें से तेज बदबू आ रही थी। कार की चेकिंग के दौरान राजस्थान पुलिस को कार की पिछली सीट पर दीपक का शव बरामद हुआ। शव से बदबू आ रही थी। राजस्थान पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। किशनगढ़बास थाना प्रभारी जोगेन्द्र यादव ने बताया कि मृतक के भाई संदीप के ब्यान पर पुलिस ने देशराज व अरुण के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।