तावडू। क्षेत्र के निजामपुर गांव में जलापूर्ति की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। गांव के पुराने ट्यूबवेल के खराब होने के कारण दो महीने से पानी की किल्लत बनी हुई है। इस समस्या के संबंध में ग्रामीणों ने जन स्वास्थ्य अभियंत्रिक विभाग के एसडीओ को एक शिकायती पत्र सौंपा है, जिसमें पुराने ट्यूबवेल के स्थान पर नया बोरिंग लगाने की मांग की गई है। मंगलवार को परेशान महिलाएं एसडीएम कार्यालय भी पहुंचीं। जहां पर उन्होंने अपनी जलापूर्ति की समस्या को रखा।
शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि हरिजन बस्ती के पास स्थित पुराना ट्यूबवेल, जो विशेष रूप से हरिजन समुदाय के लिए लगाया गया था, खराब हो चुका है।
ग्रामीण बीर सिंह, सुंदर, महेंद्र आजाद, संखर, ताहिर, सलम, सुबे सिंह, मासूमल, नरेश और अन्य ने संयुक्त रूप से विभाग से अनुरोध किया है कि उसी स्थान पर या उसके आसपास नया ट्यूबवेल लगाया जाए।
पत्र के अनुसार, पहले पड़ोसियों ने इस स्थान पर बोरिंग को लेकर आपत्ति जताई थी, लेकिन अब सभी की सहमति बन चुकी है और कोई विरोध नहीं है। ग्रामीणों ने शिकायत में कहा पिछले दो महीने से पानी के लिए परेशान हैं। रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। विभाग के एसडीओ आबिद का कहना है कि समस्या संज्ञान में है, जल्द समाधान हो जाएगा।