बारिश ने मॉक ड्रिल को बनाया वास्तविक
4 जून तक शहर के सभी 14 अंडरपास में पंपिंग मशीनरी से परीक्षण किया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आने वाले बरसात के मौसम में जलभराव को ध्यान में रखते हुए जीएमडीए ने शहर के सभी 14 अंडरपास के लिए मॉक ड्रिल की तैयारी कर ली है। पहले दिन सोमवार को सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन और साइबर सिटी यू टर्न अंडरपास पर मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान दोपहर को हुई बारिश ने इस मॉक ड्रिल को और भी वास्तविक बना दिया। इस दौरान अंडरपास में जल निकासी की व्यवस्था को परखा गया। इस दौरान यातायात भी नहीं रोका गया।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पीडब्ल्यूडी और डीएलएफ के अधिकारियों के साथ उनके संबंधित अधिकार में आने वाले क्षेत्रों में मॉक ड्रिल की जानी है। एनएचएआई के क्षेत्र में सात अंडरपास, डीएलएफ क्षेत्र के तहत चार, पीडब्ल्यूडी के क्षेत्र में दो और जीएमडीए के क्षेत्र में एक अंडरपास है। इनमें जल निकासी प्रणाली और यहां पर जलभराव रोकने को पंपों की क्षमता परखी जा रही है। सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन और साइबर सिटी पर टैंकरों से पानी डाला गया। इस दौरान बारिश भी शुरू हो गई। इससे निकासी व्यवस्था का और भी वास्तविक हालात में परीक्षण किया गया। ड्रिल कामयाब रही।
यह जानने के लिए कि पंपिंग मशीनरी पूरी क्षमता से काम कर रही है, शहर के सभी अंडरपासों में मॉक ड्रिल की जा रही है। इसका मकसद मानसून के दौरान अंडरपास में जलभराव को दूर करना है। बीते वर्षों के दौरान लोगों की परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। - पीसी मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जीएमडीए