अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित (एम्स) का मानद अध्यक्ष बनाया गया है। पद्मश्री और डॉ. बीसी रॉय अवार्ड विजेता डॉ. गुलेरिया के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय और भारतीय ज़र्नल में 400 से अधिक लेख प्रकाशित हो चुके हैं।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के पूर्व निदेशक और मेदांता मेडिसिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनल मेडिसिन एंड रेस्पिरेटरी एंड स्लीप मेडिसिन के चेयरमैन डॉ. रणदीप गुलेरिया को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का मानद अध्यक्ष बनाया गया है। वह मेदांता में भी उपलब्ध रहेंगे।
विज्ञापन
पद्मश्री और डॉ. बीसी रॉय अवार्ड विजेता डॉ. गुलेरिया
डॉ. गुलेरिया फेफड़ों के कैंसर, अस्थमा, सीओपीडी, रेस्पिरेटरी मसल फंक्शन और नींद संबंधी विकारों के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता के लिए प्रसिद्ध हैं। उनके प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय और भारतीय ज़र्नल में 400 से अधिक लेख प्रकाशित हो चुके हैं। पद्मश्री और डॉ. बीसी रॉय अवार्ड विजेता डॉ. गुलेरिया अपने विशाल अनुभव और भारत में कोविड नियंत्रण के प्रयासों में असाधारण योगदान के लिए भी जाने जाते हैं।
डॉ. गुलेरिया टीकाकरण और इन्फ्लूएंजा टीकाकरण पर विशेषज्ञों के वैज्ञानिक सलाहकार समूह के सदस्य के रूप में विश्व स्वास्थ्य संगठन से भी जुड़े हुए हैं। डॉ. गुलेरिया ने 2011 में एम्स नई दिल्ली में पल्मोनरी मेडिसिन एंड स्लीप डिसऑर्डर विभाग की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला से एमबीबीएस और पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ से एमडी, जनरल मेडिसिन और डीएम, पल्मोनरी मेडिसिन किया है।