न्यू गुरुग्राम में सिटी बस सेवा होगी बेहतर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत बनाने के लिए सेक्टर-103 बस डिपो एवं टर्मिनल की डीपीआर तैयार कराने जा रहा है। इससे न्यू गुरुग्राम में सिटी बस सेवा में सुधार होगा।
जीएमडीए को नगर निगम गुरुग्राम ने 7.18 एकड़ जमीन दी हुई है। यहां पर 150 बसों को समायोजित करने की क्षमता वाला डिपो बनवाया जाना है। इसमें आधुनिक संचालन सुविधाएं, पर्याप्त पार्किंग स्पेस और रखरखाव के लिए समर्पित ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा। जीएमडीए ने दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम लिमिटेड (डीआईएमटीएस) को परियोजना प्रबंधन सलाहकार नियुक्त किया है, जो इस सुविधा के लिए कॉन्सेप्ट प्लान और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर रहा है। जीएमडीए की प्रवक्ता ने कहा कि सेक्टर-103 में डिपो बनने से शहर में सिटी बस सेवा में सुधार होगा। सेक्टर-103 में प्रस्तावित डिपो शहर की बस सेवाओं की कार्यक्षमता को मजबूती देगा।
बता दें कि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की ओर से शहर में गुरुगमन नाम से सिटी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है। जीएमसीबीएल की ओर से सेक्टर दस और सेक्टर 52 बस डिपो से विभिन्न रूटाें पर 150 बसों का संचालन हो रहा है। अभी पूरे जिले में गुरुगमन की बस सेवा बेहतर नहीं है। ऐसे में इसके सुधार के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। जीएमडीए चरणबद्ध तरीके से बसों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रहा है। पीएम बस सेवा के तहत 100 बसें भी मिलनी है।