गुरुग्राम। कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। अब तक 6 हजार से भी ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। वहीं, फॉर्म भरने के दौरान कई खामियां भी आईं। छात्रों द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र अपलोड करने के बाद भी दोबारा से उसकी मांग की जा रही है। साथ ही बारहवीं के रोल नंबर अपलोड होने पर कई छात्रों की गलत मार्कशीट स्वत: अपलोड हो रही है। कम उम्र में दसवीं करने वाले छात्रों के दस्तावेज को सॉफ्टवेयर नहीं उठा रहा है। सलाहकार प्रो. सुभाष सपड़ा ने बताया कि विभाग को जल्द ही इन खामियों को दूर करना चाहिए। एक साइबर कैफे संचालक चेतन ने बताया कि बारहवीं के दस्तावेज के संबंधित समस्या अब तक 40 से 50 छात्रों के आवेदनों में आ चुकी है।
निवास प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे छात्र
आवेदन प्रक्रिया में निवास प्रमाण पत्र को अनिवार्य किया गया है। वहीं, बहुत से छात्र प्रवासी क्षेत्रों से गुरुग्राम में बसे हुए हैं। जिन्हें अब अचानक निवास पत्र की मांग पर परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि कोरोना काल में कोई भी लैटर बनवाना आसान नहीं रहा है। उच्च शिक्षा निदेशालय को निवास प्रमाण पत्र की मांग को कुछ दिनों के लिए स्थगित करना चाहिए।
चैटबोट से मिल रही राहत
आवेदन में आ रही समस्या को दूर करने के लिए डीएचई ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। इसे चैटबोट का नाम दिया गया है। छात्र आवेदन में कोई भी समस्या आने पर इसमें शिकायत डाल सकते हैं। तत्काल ही उस समस्या का समाधान किया जा रहा है।