अधिक लोगों से अभियान में शामिल होने की वन विभाग ने की अपील, 30 सिंतबर तक किया जाएगा वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन विभाग ने लोगों से 30 सितंबर तक निशुल्क पौधे लेने की अपील की है। विभाग की विभिन्न नर्सरियों में फलदार, छायादार और औषधीय प्रजातियों सहित कई किस्मों के पौधे उपलब्ध हैं। इनका वितरण 30 सितंबर तक किया जाएगा।
वन विभाग का कहना है कि अधिक से अधिक लोग पौधरोपण अभियान से जुड़ें और माॅनसून के दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें, ताकि उनकी जीवित रहने की संभावना बढ़ सके। विभाग का मानना है कि जनसहभागिता से जिले का हरित क्षेत्र बढ़ाने में मदद मिलेगी। पौधे प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति, शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन, आरडब्ल्यूए और अन्य संस्थाएं पहले आवेदन करें। इसके लिए वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) के नाम आवेदन पत्र वन विभाग कार्यालय में जमा किया जा सकता है। इसके अलावा dfogurgaon123gmail.com पर ई-मेल भेजकर भी आवेदन किया जा सकता है। आवेदन में आवेदक का नाम, पूरा पता, मोबाइल नंबर तथा आवश्यक पौधों की संख्या स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद संबंधित वन नर्सरी से निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। वन विभाग ने लोगों से अधिकाधिक संख्या में पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
-
जिले में हरियाली बढ़ाने के लिए 30 सितंबर तक विशेष पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। 2,000 से अधिक पौधे लेने वाले व्यक्ति, संस्थान या संगठन को पौधारोपण स्थल की पहले और बाद की फोटो वन विभाग को उपलब्ध करानी होगी। - सुरेंद्र डांगी, वन अधिकारी, डीएफओ