दिव्या पाहुजा और बरामद बीएमडब्ल्यू कार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या के बाद सबूत नष्ट करने में होटल मालिक से लेकर उसके साथियों ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। मामले की जांच कर रही एसआईटी की ओर से सीआईए 17 की एक टीम आरोपी रवि बंगा को लेकर भोपाल गई है। जहां पर उसने बीएमडब्ल्यू कार की चाभी फेंकने की बात कबूली है।
मॉडल दिव्या पाहुजा की दो जनवरी को गोली मार कर हत्या के बाद मुख्य आरोपी अभिजीत ने सबूत नष्ट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। सबसे पहले उसने शव को अपने साथी बलराज गिल और रवि बंगा के साथ शहर से बाहर भेजा। जहां पर आरोपियों ने शव को भाखड़ा नहर में फेंका था।
पुलिस ने 9 दिन बाद शव बरामद किया। दिव्या पाहुजा का एक मोबाइल अभी तक नहीं मिला है। वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल कूड़े से नगर निगम की टीम ने बरामद की थी। सबूत नष्ट करने के लिए होटल मालिक अभिजीत ने अपनी गर्लफ्रेंड मेघा की भी मदद ली थी। हत्या के मामले में अब तक छह आरोपी जेल जा चुके है।
हत्याकांड में शामिल आखिरी आरोपी हिसार के मॉडल टाउन का रहने वाला रवि बंगा है। जिसे पुलिस ने वारदात के 24 दिन बाद जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम की ओर से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा चुकी है।
इस दौरान पुलिस टीम ने उससे दिव्या के शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल बीएमडब्ल्यू कार की चाभी मांगी तो उसने बताया कि फरारी के दौरान उसने वह चाभी भोपाल में फेंक दी थी। जिसे बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे भोपाल लेकर गई है। जिस होटल में आरोपी ठहरे थे। चाभी को उसके आस-पास के खाली क्षेत्र में फेंकने की बात सामने आ रही है।
आपराधिक पृष्ठभूमि से हैं सभी आरोपी
मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या में शामिल लगभग सभी लोगों की आपराधिक पृष्ठभूमि है। हत्या के मुख्य आरोपी अभिजीत के गैंगस्टर से संबंध सामने आ चुके हैं। उसके पीएसओ प्रवेश के खिलाफ रोहतक के अलग-अलग थानों में 18 मुकदमे दर्ज हैं।
इनके उठने-बैठने व लाइफ स्टाइल में ही अपराध के बाद सबूत मिटाने की कला शामिल थी। इसका असर रहा कि पुलिस को हत्या की कड़ी को एक-एक कर जोड़ना पड़ा।
हत्या से जुड़ी कुछ बातें
-हत्या के बाद शव 9 दिन बाद भाखड़ा नहर में मिला।
-वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल मोलाहेड़ा गांव के पास कूड़े से बरामद हुई।
-अब तक छह लोग गिरफ्तार होने के बाद जेल भेजे जा चुके हैं।
-दिव्या पाहुजा का एक मोबाइल अब तक गायब है।
-जिस बीएमडब्ल्यू कार से दिव्या के शव को ठिकाने लगाया गया था उसकी चाभी गायब है।