हरियाणा स्टेट जू-जित्सु प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी। प्रशिक्षक
-तीन स्वर्ण समेत चार पदक जीते, 550 खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गांव सराय स्थित सामुदायिक केंद्र में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित हरियाणा स्टेट जू-जित्सु प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से करीब 550 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दौलताबाद स्थित गुरुग्राम जूडो अकादमी के चार खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
40 किलोग्राम भारवर्ग में पूर्वी जांघू ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी भारवर्ग में अवनि चौधरी ने रजत पदक हासिल किया। 25 किलोग्राम भारवर्ग में वीर सांगेलिया ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 44 किलोग्राम भारवर्ग में माही जांभू ने स्वर्ण पदक जीता।
चार खिलाड़ियों ने कुल चार पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी उपलब्धि पर जिला जूडो एसोसिएशन और अकादमी पदाधिकारियों ने बधाई दी। जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से जिले के खिलाड़ी राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।