अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जीएमसीबीएल प्रबंधन ने बजघेड़ा से आईएमटी मानेसर चौक तक रूट नंबर-136 पर 19 सितंबर से सिटी बसों का संचालन शुरू किया है। इस रूट पर दो सिटी बसें चलाई गई हैं, जोकि चार-चार चक्कर लगाएंगी। नए रूट पर सिटी बसें चलने से यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिली है। 25 ई-बसें आने के बाद जीएमसीबीएल प्रबंधन द्वारा अन्य कई रूटों पर सिटी बसें चलाई जाएंगी।
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) प्रबंधन ने इन दोनों बसों का टाइम टेबल भी जारी किया है। टाइम टेबल के अनुसार रोजाना आईएमटी मानेसर चौक से बजघेड़ा द्वारका एक्सप्रेसवे तक सिटी बस के रवाना होने का समय सुबह 9 बजे, सुबह 9.20 बजे, सुबह 11.45 बजे, दोपहर 12.05 बजे, दोपहर 2.40 बजे, दोपहर बाद 3 बजे, शाम 5.35 बजे और शाम 5.45 बजे तय किया गया है।
वहीं, बजघेड़ा द्वारका एक्सप्रेसवे से आईएमटी मानेसर चौक तक सिटी बस के रवाना होने का समय 10.15 बजे, सुबह 10.35 बजे, दोपहर 1 बजे, दोपहर 1.20 बजे, दोपहर बाद 3.55 बजे, शाम 4.15 बजे, शाम 6.55 बजे व शाम 7.15 बजे तय किया गया है। इस रूट पर गुरुगमन सिटी बसों का संचालन शुरू होने से बजघेड़ा क्षेत्र से आईएमटी मानेसर जाने वाले यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिली है।
आईएमटी मानेसर क्षेत्र से गुरुग्राम शहर में आवागमन करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए सिटी बसों का संचालन शुरू किया। यात्रियों द्वारा इस रूट पर सिटी बस चलाने की मांग पिछले काफी समय से की जा रही थी।
- नरेश शर्मा, मैनेजर डिपो सेक्टर-10, जीएमसीबीएल