प्रतियोगिता में जिले 40 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के तहत चरखी दादरी में 22 से 24 अगस्त तक आयोजित कराटे प्रतियोगिता में जिले के करीब 40 खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में हिस्सा लिया। जिले से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों के साथ मुकाबला किया। हालांकि, जिले के खिलाड़ी इस बार किसी भी भार वर्ग में कोई भी स्थान हासिल नहीं कर सके और पदक जीतने से चूक गए।
प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने मुकाबलों के दौरान फुर्ती, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों को कड़े मुकाबलों का सामना करना पड़ा। कई मुकाबलों में खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी, लेकिन अंतिम परिणाम गुरुग्राम के पक्ष में नहीं रहा। इसके बावजूद राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से जिले के खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा और तकनीक परखने का अवसर मिला।
एईओ जगदीश अहलावत ने कहा कि राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में पदक हासिल नहीं कर पाने के बावजूद जिले के खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अनुभव के लिहाज से महत्वपूर्ण रही। खिलाड़ियों को राज्य स्तर के मुकाबलों में अपनी कमियों को पहचानने और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी बेहतर करने का मौका मिला। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया।