भारी बारिश को देखते हुए चुनाव समिति ने नामांकन का समय तीन से बढ़ाकर पांच बजे तक किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए सोमवार को पांच पदों के लिए 10 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ जिला बार कार्यालय में नामांकन भरने के लिए गए थे। इच्छुक अधिवक्ताओं को नामांकन भरने के लिए दो दिन का समय दिया गया था।
सोमवार को तीन बजे तक ही अधिवक्ता नामांकन भर सकते थे लेकिन भारी बारिश को देखते हुए चुनाव समिति ने समय तीन से बढ़ाकर पांच बजे तक का कर दिया था। अब अधिवक्ताओं के पास सिर्फ मंगलवार का समय नामांकन भरने का बचा है। अभी किसी ने भी कोषाध्यक्ष और लाइब्रेरियन के पद पर नामांकन नहीं भरा है।
बुधवार को चुनाव समिति की तरफ से सभी नामांकन की जांच की जाएगी। 11 सितंबर को सुबह नौ बजे से जिला अदालत परिसर में मतदान होगा। चुनाव अधिकारी अधिवक्ता सतबीर सिंह ने बताया कि जिला बार एसोसिएशन की मतदाता सूची पर आपत्ति दर्ज करने की तारीख बुधवार शाम पांच बजे तक कर दिया गया है।
किस पद पर किसने भरा नामांकन
प्रधान पद - विनोद राव और मनोज यादव
उप प्रधान - दमन शर्मा, लक्ष्य भारद्वाज, नरेश कुमार, साहिल यादव और सुधीर सिंह धनखड़
उप प्रधान (महिला) - ज्योत्सना बूचर
सचिव - राकेश यादव
संयुक्त सचिव - विक्रम यादव