- घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। खंड के दौला गांव में जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सोहना सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दौला निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 जुलाई की देर रात सत्यप्रकाश, योगेंद्र, उनकी मां कोमल देवी, बहुओं समेत करीब 20 लोग हथियार लेकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। दीपक ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
शिकायत के अनुसार, करीब एक घंटे बाद आरोपी दोबारा घर में घुस आए और दीपक, उसकी मां व बहुओं के साथ मारपीट की। इसके बाद परिजन दीपक को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
दीपक ने बताया कि उसकी पत्नी रजनी और उसके भाई सोहनपाल की पत्नी तरुणा के नाम करीब 300 वर्ग गज का प्लॉट है। आरोप है कि आरोपी उस पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। प्लॉट को लेकर अदालत में मामला विचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।