-गांव बिस्सर अकबरपुर राजस्व क्षेत्र में सुरजीवन रिजॉर्ट से जुड़ी जमीन का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। थाना मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र के गांव बिस्सर अकबरपुर राजस्व क्षेत्र सुरजीवन रिजॉर्ट से जुड़ी जमीन कब्जे को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। एक पक्ष ने एसपी नूंह को शिकायत भेजकर आरोप लगाया है कि एक भू माफिया और उसके सहयोगियों ने उनकी वर्षों पुरानी खेती योग्य जमीन पर जबरन और अवैध तरीके से कब्जा करने की कोशिश की है, जबकि पुलिस प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से संबंधित भूमि पर खेती और कब्जे में है, लेकिन हाल के दिनों में कुछ कथित दस्तावेजों के आधार पर उनकी जमीन में जबरन घुसपैठ की जा रही है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि संबंधित भूमि शामलात यानी सरकारी भूमि की श्रेणी में आती है और कानून के अनुसार ऐसी जमीन की खरीद-फरोख्त, हस्तांतरण या वसीयत मान्य नहीं होती। उनका आरोप है कि आरोप पक्ष द्वारा पुलिस अधिकारियों को ऐसे दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं जो कानूनी रूप से वैध नहीं हैं, बावजूद इसके पुलिस उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई से बच रही है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर लगातार निर्माण कार्य किया जा रहा है और लोहे के गेट लगाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने कथित अवैध कब्जे वाले स्थान का निरीक्षण तक नहीं किया। इस मामले में तावडू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान का कहना है कि पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।