गुरुग्राम। सेक्टर-54 स्थित सनसिटी में घर के बाहर लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर विवाद हो गया। ई-18, पार्क नंबर-4 निवासी विश्व मोहन कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि एक बाहरी व्यक्ति रोजाना सुबह और शाम कुत्तों को खाना खिलाता है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने उस व्यक्ति से घर के सामने और खड़ी गाड़ियों के पास कुत्तों को खाना खिलाने से मना किया तो उसने अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस की आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर कॉल की। पुलिस शिकायत के बाद व्यक्ति मौके से चला गया। शिकायतकर्ता ने सनसिटी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष और महासचिव, सेक्टर-53 थाना प्रभारी, नगर निगम आयुक्त और जिला रजिस्ट्रार को शिकायत भेजकर व्यक्ति की पहचान करने और कुत्तों को खाना खिलाने के लिए उचित स्थान निर्धारित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें पशु कल्याण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इससे निवासियों व उनकी संपत्ति को नुकसान नहीं होना चाहिए। ब्यूरो