-झगड़ा छुड़वाने पहुंची पुलिस की टीम भी घायल, वीडियो वायरल
-शिकायत के आधार पर एक पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-50 थाना के समसपुर गांव में मंदिर के पुजारी की नियुक्ति को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले जिसमें महिलाओं समेत अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर झगड़ा छुड़वाने पहुंची पुलिस की टीम के जवानों को भी हल्की चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट की घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
समसपुर गांव स्थित एक मंदिर में पुजारी की नियुक्ति को लेकर दो पक्षों में पिछले काफी समय से मतभेद चल रहा है। नीतू शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पुजारी की नियुक्ति को लेकर वह 15 जनवरी की शाम को रामपाल, कृष्णा, राजकुमार व धर्मी से बात करने गई थी। उसने किसी गरीब पंडित को मंदिर में पुजारी रखने के लिए कहा तो कहासुनी हो गई। नीतू ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रामपाल, कृष्णा, राजकुमार, धर्मी, कुक्कू व ललित ने उसके साथ मारपीट की। उसने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया और नागरिक अस्पताल में उपचार कराया।
इसके बाद उसके अगले दिन 16 जनवरी को रामपाल, कृष्णा, राजकुमार, धर्मी, कृष्ण सहित करीब 15 लोग उसके घर पर पहुंच गए और पत्थर मारकर दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं। इसके बारे में डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया। पुलिस के आने के बाद वह अपने बच्चों, भाई आशु व संजय के साथ नीचे आईं तो रामपाल, कृष्णा, राजकुमार, धर्मी, कृष्ण, पूनम, रेनु, रीटा, ममता, ललित, अंकुर साहिल ने मारपीट शुरू कर दी। जब मौके पर मौजूद पुलिस वालों ने नीतू के परिवार वालों को बचाने का प्रयास किया तो उनको भी हल्की चोटें आईं।
जांच अधिकारी एलएचसी सुमन ने बताया कि मंदिर में पुजारी की नियुक्ति को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। मामले की छानबीन की जा रही है ताकि मामले की पूरी जांच हो सके। दूसरे पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। शिकायत के आधार पर एक पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वायरल वीडियो व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।