पटौदी। भोड़ाकलां से भोड़ाखुर्द जाने वाले मुख्य मार्ग पर गंदे पानी की निकासी न होने के कारण समस्या बनी हुई है। यह मार्ग जलभराव का रूप ले चुका है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
भोडाकलां गांव के सरपंच मनबीर सिंह चौहान ने बताया कि यह मार्ग वर्षों पुराना है और अब काफी नीचा है। आसपास के घरों का गंदा पानी इसी रास्ते पर बहता है, जिससे सड़क पर कीचड़ रहता है। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा सीवर लाइन का कार्य अधूरा छोड़ा गया है, जिसके चलते निकासी की व्यवस्था नहीं हो पाई। यदि पाइप लाइन को ढलान देकर ठीक से बिछाया जाए, तो काफी हद तक इस समस्या का समाधान हो सकता है।
भोड़ाखुर्द निवासी सुनील यादव ने बताया कि गंदा पानी हर समय सड़क पर फैला रहता है और इससे निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके। संवाद