आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान ने प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजी शिकायत, तीन सोसाइटियों और स्कूल के बच्चों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। सेक्टर-79 की 24 मीटर चौड़ी सड़क की खराब हालत से इलाके के करीब 10 हजार लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं। सड़क पर गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों, पैदल चलने वालों और स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। निवासियों के अनुसार, इस समस्या को लेकर पहले गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और नगर निगम मानेसर को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में भी शिकायत भेजी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि हजारों लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।
मैप्सको माउंटविले सोसाइटी के आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस सड़क का इस्तेमाल मैप्सको माउंटविले, सिग्नेचर ग्लोबल और एम3एम की सोसाइटी के हजारों निवासी करते हैं। सड़क पर हर पांच से दस मीटर की दूरी पर गड्ढे बने हुए हैं, जिससे लोगों का सुरक्षित आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात के दिन में हालात और भी खराब हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि इसी सड़क पर एक निजी स्कूल भी स्थित है, जहां करीब तीन हजार बच्चे पढ़ते हैं। रोजाना स्कूल बसों, अभिभावकों और बच्चों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। खराब सड़क के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।