सपनों को दी उड़ान, शानदार अंकों से चमके विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सफलता रातों-रात नहीं मिलती, उसके पीछे लंबे समय की मेहनत, अनुशासन और परिवार का साथ छिपा होता है। 12वीं के परीक्षा परिणाम में भी कई विद्यार्थियों ने अपनी लगन और आत्मविश्वास के दम पर शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे कई विद्यार्थी शामिल हैं, जिन्होंने बेहतरीन अंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो हर मंजिल आसान हो जाती है।
धैर्य जैन ने हासिल किए 99 प्रतिशत अंक
कक्षा 12वीं कॉमर्स के छात्र धैर्य जैन ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया है। धैर्य का सपना आगे चलकर एक सफल बिजनेसमैन बनने का है। उनका कहना है कि अगर लक्ष्य तय कर मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई की जाए तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती। धैर्य ने बताया कि उन्होंने पूरे साल नियमित रूप से पढ़ाई की और हर विषय को समझकर तैयारी की।
कुशवाहा ने हासिल किए 98.2 प्रतिशत अंक
कक्षा 12वीं की परीक्षा में मिली कुशवाहा ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है। मिली आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं और इसके लिए वह अभी से पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी कर रही हैं। मिली ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और लगातार अभ्यास पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। उनका कहना है कि सफलता केवल मेहनत और आत्मविश्वास से मिलती है।