गुरुग्राम। नवरात्र के तीसरे दिन लोगों ने माता के चंद्रघंटा स्वरूप की आराधना की। शहर के प्रमुख देवी मंदिर माता शीतला के दरबार में रविवार और सोमवार को काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। दुर्गा सप्तशती का पाठ सुबह-शाम मंदिर में चल रहा है। शहर के सुदर्शन मंदिर, शक्तिपीठ मंदिर और चिंतपूर्णी मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा हुआ है।
रविवार को सर्वाधिक लोगों ने मंदिर में दर्शन किए। शीतला माता मंदिर के दरबार में दूसरे राज्यों से भी प्रमुख लोग पहुंच रहे हैं। रविवार को मथुरा के छाता से विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह ने सपरिवार पहुंचकर माता शीतला को मत्था टेका। दूसरे राज्यों के प्रमुख लोग व्यक्तिगत रूप से दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शीतला माता मंदिर में लोग बच्चों के मुंडन और नव दंपति पहली पूजा के लिए भी खूब आ रहे हैं।
----
कई जगह जाम के हालात:
शीतला माता के दर्शन के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। सोमवार को मंदिर में आने वाले भक्तों की आवाजाही के कारण आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। वाहन सरक-सरक कर चल रहे थे। ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए शीतला माता मंदिर के पास ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। ओल्ड रेलवे रोड पर सुदर्शन माता मंदिर और प्रेम मंदिर में भी माता के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा थी। दूसरी ओर सेक्टर-4 व 5 के चौराहे पर चिंतपूर्णी मंदिर होने के कारण वहां भी ट्रैफिक ज्यादा रहा। शीतला माता के दर्शन के बाद दूर-दूर से आए भक्त माता चिंतपूर्णी के दर्शन भी करते हैं।