विधायक मुकेश शर्मा ने ग्रीन बेल्ट और स्टॉर्म वाटर ड्रेन कार्यों का किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विधायक मुकेश शर्मा ने शनिवार को वार्ड-24 के साउथ सिटी-1 क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसके तहत ग्रीन बेल्ट के नवीनीकरण और साउथ सिटी-1 के ए ब्लॉक से विजय विहार स्थित स्टार मॉल तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन कनेक्टिविटी कार्य को शुरू किया गया।
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा कराए जा रहे स्टॉर्म वाटर ड्रेन कनेक्टिविटी कार्य पर करीब 20.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था अधिक मजबूत होगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अलावा साउथ सिटी-1 के ए और बी ब्लॉक में पार्कों तथा ग्रीन बेल्ट के व्यापक नवीनीकरण कार्य भी करीब दो करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद क्षेत्र में हरियाली, सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।
वार्ड के समग्र विकास के तहत सिलोखरा गांव की श्मशान भूमि के नवीनीकरण, उसके सामने सीवर लाइन बिछाने और सड़क निर्माण कार्य भी करीब 40 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय निवासियों को लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गुरुग्राम के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य शहर के हर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके। इस अवसर पर भाजपा नेता अनिल यादव समेत अन्य उपस्थित रहे।