गुरुग्राम। शहर को जाम मुक्त करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाएगा। जीएमडीए की सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों को क्रेन की मदद से जब्त किया जाएगा। इन पर 200 से 2000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने से आए दिन जाम की स्थिति बनती रहती है। इस स्थिति से निपटने के लिए जीएमडीए ने अपने अधीन आने वाली सड़कों को कब्जा मुक्त करवाने की योजना तैयार की है। अधिकारियों के मुताबिक, सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों को क्रेन की मदद से जब्त कर ट्रैफिक पुलिस के हवाले किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस नो पार्किंग का चालान काटने के साथ क्रेन के लिए 200 रुपये से दो हजार रुपये तक का शुल्क वसूलेगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से न केवल अवैध पार्किंग रोकने में मदद मिलेगी बल्कि शहर के यातायात को सुचारू करने में भी सहायता मिलेगी।
ये होगी क्रेन की दर
बाइक- 200 रुपये
कार- 500 रुपये
भारी एवं मध्यम कमर्शियल वाहन- 1000 रुपये
अधिक भारी व लंबे वाहन (10 टायर से अधिक)- दो हजार रुपये